युवक की तलाश गुरुवार शाम तक चलती रही।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के जोगिया कोतवाली क्षेत्र के गंगवल गांव के पास बूढ़ी राप्ती नदी में नहाते समय एक युवक डूब गया। घटना बुधवार शाम की है। पुलिस गोताखोरों की मदद से तलाश में जुटी है, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला सका। लापता युवक सदर थाना क्षेत्र के बेलसड़ गांव का है और शादी समारोह में शामिल होने के लिए गंगवल गया था।
जोगिया कोतवाली क्षेत्र के गंगवल गांव निवासी शमसुद्दीन की लड़की की शादी थी। उनके घर पर रिश्तेदार आए थे। उन्हीं रिश्तेदारों में सदर थाना क्षेत्र के बेलसड़ गांव निवासी इमरान (18) पुत्र अब्दुल्ला भी गया था।
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम को घर पर आए दो अन्य युवकों के साथ इमरान गांव से गुजरने वाली बूढ़ी राप्ती नदी के पास गया था। दोनों दूसरी ओर गए और इमरान नदी में नहाने लगा। जब तक वे आते नहाते समय पैर फिसल जाने से इमरान गहरे पानी में जाकर डूब गया।
यह देखकर दोनों ने शोर किया तो गांव सटा होने के कारण ग्रामीण पहुंच गए और तलाश शुरू कर दी। इसी बीच किसी ने घटना की जानकारी जोगिया पुलिस को दी। सूचना पर एसओ पंकज कुमार पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और गोताखोरों की मदद से देर शाम तक तलाश कराई, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
गुरुवार सुबह से खोजबीन जारी है, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। एसओ जोगिया पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद ही मौके पर पहुंच गए थे। गोताखोरों की मदद से तलाश कराई जा रही है।