बांसगांव इलाके में खुदकुशी करने वाले युवक की फाइट फोटो।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले में बांसगांव इलाके के देवराड खुर्द में बृहस्पतिवार को एक युवक ने घर के सामने स्थित शिव मंदिर के पास आम के पेड़ में साड़ी का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। मौत की वजह जानने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, देवराड खुर्द निवासी नन्हे पांडेय के छोटे पुत्र विनय पांडेय (24) माता पिता व भाई के साथ मुंबई में रहते थे। होली पर अकेले गांव आए थे। कुछ दिन पहले विनय के माता-पिता भी गांव आ गए।
पिता ने बताया कि बुधवार रात में खाना खाकर विनय सोने चले गए। रात में कब फांसी लगा ली, किसी को नहीं पता। बृहस्पतिवार सुबह गांव का युवक शौच के लिए जा रहा था, तभी उसकी नजर लटके हुए शव पर पड़ी।
युवक के शोर मचाने पर गांव के लोगों को जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की। विनय से बड़ा एक भाई और हैं, जो मुंबई में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।