गोलघर टाउन हाॅल के सामने नो पार्किंग में खड़ी थी स्कूटी
गोरखपुर। गोलघर टाउन हाॅल के सामने नो पार्किंग में खड़ी स्कूटी को नगर निगम की बाइक उठाने वाली गाड़ी लेकर चली गई। स्कूटी मालिक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने गाड़ी का पीछा किया। बिजली निगम कार्यालय गोलघर के पास नगर निगम की गाड़ी की चपेट में आने से वह सड़क पर गिर गया। हादसे में उनके पैर में मामूली चोट आई है। उन्हें सदर अस्पताल भेजा गया जहां उपचार चल रहा है।
छात्रसंघ चौराहा, सिविल लाइंस निवासी राघवेंद्र टाउन हॉल के सामने स्कूटी खड़ी कर सामान खरीद रहे थे। इसी दौरान नगर निगम की टीम नो पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहनों को उठाने पहुंची और उनकी स्कूटी भी उठाकर आगे बढ़ गई। स्कूटी को ले जाते देख राघवेंद्र ने नगर निगम की गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया। बिजली विभाग कार्यालय के पास वह नगर निगम की गाड़ी से टकराकर गिर गए। सूचना पर उन्हें तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यातायात व्यवस्था सामान्य है। परिवार से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।