जौड़ा खुर्द निवासी इंद्रकेश पुत्र अशोक घटही मां के स्थान पर स्थापित मूर्ति के विसर्जन में शामिल होने गया था। इसी दौरान नगर पंचायत पनियरा के धगरहवां टोले से भी लोग मूर्ति विसर्जन के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि इसी बीच नगर पंचायत पनियरा निवासी सन्नी गुप्ता अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और इंद्रकेश पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घटना चर्चा में है। इस संबंध में थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। पीड़ित की तहरीर पर सन्नी गुप्ता, बिरजू निषाद, सत्येंद्र कुमार और आकाश गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।