गोरखपुर जिले के भरसी के टोला चौड़िया मसान में बुधवार की रात चार साल के मासूम और रिश्तेदारी में आए युवक की मौत सिर में चोट से हुई थी। दो डॉक्टरों द्वारा वीडियोग्राफी के बीच किए गए पोस्टमार्टम में इसकी पुष्टि हुई है। बच्चे और युवक के घरवालों ने मौत की वजह सांप का डंसना बताया था। ऐसे में पोस्टमार्टम के बाद मौत की गुत्थी उलझ गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने पर उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, भरसी के टोला चौड़िया मसान निवासी रामहित अपनी पत्नी पुलपुली और छह बच्चों के साथ रहते हैं। बुधवार शाम सिकरीगंज के महादेवा गांव के बेलदारी टोला निवासी रिश्तेदार विक्की (21) रामहित के घर पर आए थे। रात में सब खाना खाकर सो गए। रात करीब एक बजे रामहित के 4 वर्षीय पुत्र श्रीराम को उल्टी एवं पेट में दर्द हुआ। रामहित और उनकी साली बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रामहित का कहना था कि वापस आने पता चला कि विक्की की भी मौत हो गई। घटना के बाद घरवाले सांप डंसने से मौत बता रहे थे जबकि विक्की की मां ने पहले ही हत्या का आरोप लगाया था। अब पोस्टमार्टम में दोनों की मौत सिर पर चोट लगने से सामने आई है। बेलघाट थानेदार का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं मिल सकी है। रिपोर्ट के बारे में जानकारी भी नहीं है। रिपोर्ट आने आगे की कार्रवाई की जाएगी।