सरहरी। गुलरिहा थाना क्षेत्र के एक गांव में घरवालों को नशीला पदार्थ खिलाकर प्रेमी के साथ गई युवती और उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, युवती के चचेरे भाई ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रविवार रात उसकी चचेरी बहन ने गांव के ही अपने प्रेमी सुहेल अंसारी के कहने पर अपनी मां, बड़ी बहन और भाई के खाने में अधिक मात्रा में नींद की गोलियां मिला दीं। भोजन करने के बाद तीनों बेहोश हो गए, जिसके बाद युवती प्रेमी के साथ घर से चली गई।
सोमवार सुबह परिजन को घटना की जानकारी हुई तो तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंगल, कौड़िया ले जाकर उपचार कराया गया। तहरीर के आधार पर गुलरिहा पुलिस ने युवती और उसके प्रेमी सुहेल अंसारी के खिलाफ हत्या की कोशिश की धारा में प्राथमिकी दर्ज की। दोनों की तलाश के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि दोनों का यह पहला मामला नहीं है। करीब दो माह पहले भी युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। उस समय भी प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने दोनों को खोज लिया था और युवती को उसके परिजन के सुपुर्द कर दिया गया था। इस बार दर्ज प्राथमिकी में पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।