पीपीगंज में सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक।
गोरखपुर के पीपीगंज इलाके के रायपुर गांव के पास बृहस्पतिवार शाम 6:30 बजे के करीब कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। एक युवक का पैर कट गया और उसकी बाइक कंटेनर में फंस गई। आरोप है कि भागने के चक्कर में चालक दो किलोमीटर तक बाइक फंसे कंटेनर को भगाता रहा। घिसट रही बाइक से चिंगारी निकलती देख स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक, पीपीगंज के वार्ड संख्या एक आंबेडकर नगर निवासी अखिलेश्वर (21) व करण (20) शहर में रोजाना मजदूरी करने जाते हैं। बृहस्पतिवार की शाम 6:30 बजे घर वापस आते समय रायपुर गांव के समीप एक कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना खौफनाक था कि करण का दाहिना पैर कट कर शरीर से अलग हो गया।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में हादसा: सरिया लदी ट्रैक्टर-ट्राली में डीसीएम ने मारी टक्कर, तीन की मौत
हादसे के बाद कंटेनर चालक, बाइक को घसीटता हुआ लगभग दो किलोमीटर तक ले गया। घसीटते बाइक से चिंगारियां निकलते देख ग्रामीणों ने कंटेनर को रसूलपुर चकिया स्थित पेट्रोल पंप के सामने पकड़ लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया।
गंभीर रूप से घायल युवकों को स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।