गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र के भीतरी दुबौली गांव में बृहस्पतिवार की रात बरामदे में सोए युवक को खेत में ले जाकर मारने-पीटने का मामला सामने आया है। बदमाश युवक को मरा समझकर छोड़कर फरार हो गए। एक निजी अस्पताल में युवक का उपचार चल रहा है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, भीतरी दुबौली निवासी नीरज राय घर के बरामदे में बृहस्पतिवार को सोए थे। रात में पांच से छह लोग आए और नशीला पदार्थ सुंघाकर उन्हें खेत की ओर लेकर चले गए। खेत में नीरज की बेरहमी से पिटाई की गई।
पिटाई से बेहोश होने पर हमलावर उन्हें मरा समझकर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह गांव के लोग उस ओर गए तो घरवाले भी पहुंचे। पुलिस को सूचना देकर परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
इंस्पेक्टर गगहा जयंत सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है।