गोरखपुर जिले में जंगल डुमरी नंबर एक के सेवई टोला में बृहस्पतिवार की रात में नाच-गाने के दौरान गले में बोतल धंसने से एक युवक की मौत हो गई। वह गले में बोतल लटकाकर मंचन कर रहा था। अचानक पैर फिसलने से बोतल गले में धंस गई। आनन-फानन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, गुलरिहा थाना क्षेत्र के सेवई टोला में दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है। पंडाल के पास गांव के कलाकारों की ओर से नाच-गाने का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में इसी टोला के शंकर का 26 वर्षीय पुत्र कन्हैया गले में बोतल बांधकर जोकर का अभिनय कर रहा था। मंचन के दौरान पैर फिसलने से वह गिर गया, जिससे बोतल टूट गई और शीशा उसके गले में धंस गया।
इसे भी पढ़ें: सीएम के निर्देश पर बदला गोड़धोइया नाले का लेआउट, अधिकतर मकानों को बचाने की कवायद
गले के पास नस कटने से तेजी से रक्तस्राव होने लगा। घटना की सूचना तत्काल एंबुलेंस और डायल 112 पर दी गई। घायल को मेडिकल काॅलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।