जूट मिल में श्रमिक की संदिग्ध हालातों में मौत
सहजनवां। गीडा क्षेत्र के महावीर जूट मिल में कार्य करने वाले मजदूर की शनिवार देर रात फैक्ट्री में ड्यूटी के समय संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था लेकिन रिपोर्ट में मौत के कारण का पता नहीं चल पाया। डॉक्टर ने विसरा जांच के लिए भेजने का सुझाव दिया है। मिल प्रबंधन ने कर्मचारी की मौत पर गहरा शोक जताया है और परिजनों को पांच लाख रुपये का चेक भी दिया है। देर शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सहजनवां थाना क्षेत्र के सिमरा निवासी छेदी सिंह उर्फ रंजीत सिंह (44) गीडा स्थित द महावीर जूट मिल में कई वर्षों से श्रमिक रूप में कार्य करते थे। शनिवार रात की शिफ्ट में वह ड्यूटी पर थे। साथी कर्मचारियों के अनुसार, रात में अचानक पेट में दर्द होने पर उनको अस्पताल भेजने का प्रबंध किया जा रहा था, तब तक उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर गीडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ गीडा विनय कुमार सरोज ने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा जांच का सुझाव दिया गया है। परिजनों ने किसी प्रकार की कोई आशंका नहीं जताई है। शव का अंतिम संस्कार हो गया है। वहीं महावीर जूट मिल के प्रबंधक धीरज मस्करा का कहना है कि कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हुई है। परिजनों को पांच लाख रुपये का चेक दिया गया है।