सरदारनगर (गोरखपुर)। चौरीचौरा क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित भोपा बाजार रेलवे क्रॉसिंग 147-बी पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में बड़ी प्रगति हुई है। रेलवे ट्रैक के ऊपर गर्डर लॉन्चिंग का कार्य पूरा हो गया है। अब बो-स्ट्रिंग गर्डर को स्थापित करने के बाद पहले चरण के शेष कार्य में तेजी लाई जाएगी। निर्माण एजेंसियों का लक्ष्य करीब एक महीने में बचा हुआ काम पूरा कर 15 अगस्त तक ओवरब्रिज की एक लेन पर यातायात शुरू कराने का है।
निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। हालांकि, कुछ तकनीकी कार्यों के लिए रेलवे से दो दिन का अतिरिक्त ब्लॉक अभी और चाहिए। सेतु निगम के जीएम मिथिलेश कुमार का कहना है कि शेष कार्य तेजी से पूरा कराया जाएगा। गर्डर स्थापित होने के बाद स्लैब, एप्रोच और अन्य निर्माण कार्यों की रफ्तार भी बढ़ जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से रेलवे फाटक बंद रहने के कारण रोजाना जाम की समस्या बनी रहती है। ओवरब्रिज की एक लेन शुरू होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके बाद प्रस्तावित वाई मॉडल के लिए बजट आवंटित होने पर दूसरे चरण का निर्माण शुरू किया जाएगा। लोगों ने मांग की है कि वाई मॉडल को सोनबरसा तक जोड़ा जाए ताकि आवागमन और सुगम हो सके।
ओवरब्रिज बनने से करीब 50 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। स्कूली बच्चों, मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को रेलवे फाटक बंद होने के कारण होने वाली परेशानी से निजात मिलेगी। साथ ही चौरीचौरा और आसपास के क्षेत्रों में यातायात भी अधिक सुचारु हो सकेगा।