-50 प्लस पुरुष एकल में कांस्य, ममता यादव के साथ मिश्रित युगल में जीता रजत
गोरखपुर। मुंबई के अंधेरी स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 30 सितंबर से दो अक्तूबर तक आयोजित 42वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बैडमिंटन चैंपियनशिप में पूर्वोत्तर रेलवे के निरीक्षक दशरथ प्रसाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल तीन पदक जीते। अलग-अलग वर्गों में बेहतर खेल का प्रदर्शन कर उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता के 50 प्लस पुरुष एकल वर्ग में दशरथ प्रसाद ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं 45 प्लस मिश्रित युगल वर्ग में उन्होंने उप निरीक्षक ममता यादव के साथ जोड़ी बनाकर रजत पदक जीता। दोनों ने मुकाबलों में बेहतर तालमेल के साथ प्रदर्शन किया। दशरथ प्रसाद ने ओपन मिश्रित युगल वर्ग में भी कांस्य पदक अपने नाम किया।
देशभर के विभिन्न जोनल रेलवे से पहुंचे आरपीएफ खिलाड़ियों के बीच उनका प्रदर्शन पूर्वोत्तर रेलवे के लिए खास उपलब्धि रहा। उनकी सफलता से रेलवे के अन्य खिलाड़ियों और कर्मचारियों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। इस उपलब्धि पर रेलवे कर्मचारियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी है।