उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक फर्नीचर कारोबारी द्वारा खरीदकर रखी गई लकड़ी गायब होने के मामले में हुई शिकायत में हनुमानगंज पुलिस की भूमिका को संदिग्ध पाते हुए एसपी ने एसओ विभा पांडेय को बुधवार को निलंबित कर दिया था। गुरुवार को ज्ञानेन्द्र राय ने हनुमानगंज एसओ का कार्यभार ग्रहण कर लिया।
जानकारी के अनुसार, हनुमानगंज थाना क्षेत्र के धरनीपट्टी गांव निवासी फर्नीचर विक्रेता चंदन शर्मा ने कुछ दिन पूर्व कीमती लकड़ियां खरीदकर एक जगह रखवाया था। वहां से लकड़ी गायब होने की जानकारी मिलने पर चंदन खोजते हुए पडरौना कोतवाली क्षेत्र के एक आरा मशीन पर पहुंचा। चंदन ने एसपी विनोद कुमार सिंह को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि हनुमानगंज पुलिस की जानकारी में ही उसकी खरीदी गई लकड़ी को आरा मशीन पर पहुंचाया गया है।
इस संबंध में एएसपी अयोध्या प्रसाद सिंह ने बताया कि शिकायत की जांच सीओ सदर से कराई गई थी। इस मामले में हनुमानगंज पुलिस की भूमिका प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाई गई। इसके चलते वहां की एसओ विभा पांडेय को एसपी ने निलंबित कर दिया है। इनकी जगह पर ज्ञानेन्द्र राय को हनुमानगंज का नया एसओ बनाया गया है।