डाकघर के खाताधारकों को भी अब दूसरे बैंकों में अपनी जमा राशि की निकासी व ट्रांसफर करने में सुविधा मिल सकेगी। इसके लिए डाकघरों को आधार संधारित भुगतान प्रणाली से जोड़ दिया गया है।
प्रवर डाक अधीक्षक एसएन दूबे ने बताया कि इस प्रणाली से डाकघर के खाताधारक दूसरे बैंकों में अपनी जमा रकम में से दस हजार रुपये तक नकद निकासी या ट्रांसफर कर सकते हैं। कहा कि आधार संधारित भुगतान प्रणाली से डाकघर के जरिए देशभर के 140 बैंकों में से किसी भी बैंक में जमा राशि की निकासी व ट्रांसफर किया जा सकता है।
उन्होंने डाकघरों में चलाई जा रही सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 0 से 10 साल उम्र की बच्चियों के लिए खाता खुलवाना लाभकारी बताया। इसके अलावा अब डाकघर के खाताधारकों के आधार से लिंक खाते में भी आवास, वृद्धावस्था पेंशन व अन्य सरकारी अनुदान की राशि भी मिलने लगी है।
घर बैठे ही ग्राहकों को डाकघर में खाता खुलवाने की भी व्यवस्था की गई है। इसके लिए डाककर्मियों को घर पर पहुंचकर मोबाइल ऐप के जरिए न्यूनतम 100 रुपये के बैलेंस पर खाता खोलने का निर्देश दिया गया है।