उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बिजली निगम के कर्मचारी अभी तक तो उपभोक्ताओं को ही परेशान करते थे लेकिन अब ये पुलिसवालों से भी पंगा लेने लगे हैं। बुधवार को एक प्राइवेट लाइनमैन का बिना हेलमेट पहने बाइक चलाने के आरोप में चालान कटा तो पूरा महकमा एकजुट हो गया और गुरुवार की दोपहर में चार लाइनमैन थाने की ही लाइट काटने उसके गेट पर पहुंच गए।
गुरवलिया विद्युत उपकेंद्र पर तैनात लाइनमैन विकास पटेल बुधवार की शाम को बाइक से बेलवा गांव में फ्यूज बांधने जा रहा था। तुर्कपट्टी के गेट के पास एसआई रामसहाय यादव की अगुवाई में वाहन चेकिंग चल रहा था। हेलमेट नहीं पहने इस प्राइवेट लाइनमैन का 1500 रुपये का चालान काट दिया। मोबाइल पर चालान कटने का मैसेज देखकर आग बबूला लाइनमैन वहीं से वापस लौटा और सीधे जेई से इसकी शिकायत की।
गुरुवार की सुबह तुर्कपट्टी थाने के बिलों को खंगाला गया तो पता लगा कि थाने के नाम पर तीन कनेक्शन हैं। इसमें से एक कनेक्शन पर कुछ रकम बकाया है। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे चार विद्युत कर्मी थाने की लाइन काटने पहुंच गए। वहां इसकी जानकारी होने पर मान मनौव्वल होने लगा। चूंकि थाने की तरफ जाने वाली लाइन से अगल-बगल के तीन चार गांवों का कनेक्शन जुड़ा है, लिहाजा जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अमरेश यादव भी पहुंचे और लाइनमैन को भरोसा दिलाया कि चालान की रकम वह अपनी जेब से जमा करेंगे, इसके बाद जाकर थाने की बत्ती गुल होने से बची।
गुरवलिया जेई रामप्यारे ने कहा कि थाने का तीन कनेक्शन है। एक पर बकाया है, शेष बिल चेक करा रहा हूं। इसके बाद प्रक्रिया के अनुरूप नोटिस जारी होगा। जल्दी भुगतान नहीं होने पर थाने का तीनों कनेक्शन काट दिया जाएगा।
थाना तुर्कपट्टी के एसआई रामसहाय यादव ने कहा कि गलतफहमी में चालान कट गया था। संवाद स्पष्ट न होने की वजह से यह कार्रवाई हुई है। इसका सुधार कर दिया जाएगा।