खोराबार। पुलिस ने चोरी की बाइक से वारदातों को अंजाम दे रहे लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पटाखा चौराहा निवासी राकेश पासवान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की बाइक और छह हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बीते फरवरी माह में कौड़ीराम स्थित एक मैरिज हॉल के बाहर खड़ी बाइक चोरी की थी। इसी बाइक का उपयोग कर वह और उसका साथी सिकरी जंगल निवासी गोलू उर्फ विकास पासवान लूट की वारदात को अंजाम दे रहे थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों ने 15 अप्रैल को तिलकोत्सव समारोह में पति और बच्चे संग जा रही सिकरीगंज के एकड़ंगा दयाराम दूबे निवासी महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया था। वारदात रात करीब 9:15 से 9:25 बजे के बीच हुई थी, जिसमें बदमाश बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार थे और पीछे बैठे आरोपी ने अपना चेहरा गमछे से ढक रखा था।
ऐसे ही 24 अप्रैल को तेनुआ टोल प्लाजा के पास बेलीपार के महावीर छपरा बडेरिया निवासी शीला मौर्या से भी इसी तरह मंगलसूत्र छिनैती की घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी छीने गए आभूषणों को नेपाल में बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। फिलहाल पुलिस गोलू उर्फ विकास पासवान की तलाश में जुटी है।