घर की माली हालत सुधारने के लिए दो वर्ष 10 माह पहले सऊदी अरब के तर्जन शहर गए युवक की सड़क हादसे में 15 नवंबर को मौत हो गई। परिजन 25 दिन से अंतिम संस्कार के लिए शव आने का इंतजार कर रहे हैं।
उनका कहना है कि टेलीफोन से सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों को मामले की जानकारी देते हुए शव भेजने का अनुरोध किया गया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के महावनखोर निवासी प्रमोद कुमार यादव (42) आठ मार्च 2019 को रोजगार के लिए गए थे। वहां खेत में काम मिला। किसी वाहन से दबकर प्रमोद की मौत हो गई। इसकी जानकारी सह कर्मियों ने पिता परशुराम को फोन पर दी।
अगले दिन ही पिता ने भारतीय दूतावास के अधिकारियों से फोन पर बात कर इकलौते बेटे का शव स्वदेश भेजने का अनुरोध किया। पिता स्थानीय नेताओं व अफसरों से भी गुहार लगा चुके हैं।