- कुल 36,66,533 मतदाता हैं, जिनकी मैपिंग नहीं हुई
- 31 दिसंबर के बाद उन्हें भेजा जाएगा नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाताओं की सूची फाइनल करने के बाद अब मतदान स्थल भी तय कर दिए गए हैं। जिले में 368 नए मतदान स्थल बनाए गए हैं, जिसके बाद अब सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में 4047 मतदान स्थलों पर मतदान होगा। वर्तमान में कुल 36,66,533 मतदाता हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम दीपक मीणा ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र कैंपियरगंज में 438, पिपराइच में 449, गोरखपुर शहर में 457, गोरखपुर ग्रामीण में 435, सहजनवां में 451, खजनी में 455, चौरीचौरा में 403, बांसगांव में 444 एवं चिल्लूपार में 515 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पहले जिले में कुल 3679 मतदान स्थल थे, जो अब बढ़कर 4047 हो गए हैं। 31 दिसंबर 2025 को मतदाता सूची का ड्राफ्ट तैयार कर लिया जाएगा। इसके बाद जिनकी मैपिंग नहीं हुई है, उन्हें नोटिस भेजा जाएगा।
फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराएं
एसआईआर अभियान के तहत, गणना प्रपत्र भरने से छूट गए लोगों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का मौका मिलेगा। ऐसे लोग फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। जो लोग फॉर्म-6 के जरिये नाम दर्ज कराएंगे, उनके नाम 31 दिसंबर को प्रकाशित होने वाली अनंतिम सूची में नहीं दिखेंगे। ये नाम सीधे अंतिम मतदाता सूची में ही शामिल होंगे। ऐसे लोगों को फॉर्म के साथ एक घोषणा पत्र भरना अनिवार्य होगा, जिसमें गणना प्रपत्र की तरह 2003 का विवरण देना जरूरी है। फॉर्म-6 के तहत भरे जाने वाले घोषणा पत्र में आवेदक का नाम, मोबाइल नंबर, पता, माता/पिता या पति/पत्नी का नाम और उनका विवरण देना होगा।