- खेत में मिट्टी के कीचड़ से सने विशाल का चेहरा धुलने से हुई पहचान, ग्रामीणों ने जताई प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका
- जान बचाने के लिए खूब किया संघर्ष, गांव के पिता-पुत्र व बेटी पर सहजनवां पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। सहजनवां थाना क्षेत्र के जोगिया कोल कटाई टीकर मार्ग पर विशाल यादव का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मां शकुंतला ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे वह भोजन बना रही थीं। इसी दौरान विशाल के मोबाइल पर एक लड़की की कॉल आई। वह तुंरत ही घर से निकला और कहा कि थोड़ी देर में वह लौट आएगा। लेकिन रातभर वापस नहीं आया। सुबह शव मिलने की सूचना मिली। मामले में गांव के पिता-पुत्र व बेटी पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विशाल का परिवार पहले ही दुखों से घिरा हुआ था। उसके पिता की मौत 19 सितंबर को हुई थी और दाह संस्कार के लिए विशाल मुंबई से गांव लौटा था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। पिता की मौत का शोक उनके चेहरे पर साफ झलक रहा था। मां को पैर में बीमारी है।
मां शकुंतला के अनुसार, मंगलवार रात कॉल आने के बाद विशाल अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत की ओर निकला। बुधवार सुबह उसके घर से पांच सौ मीटर दूर जोगियाखोर सिवान के गेहूं के खेत में शव मिला। शव के पास संघर्ष के निशान और मिट्टी के कीचड़ में सने कपड़े यह साफ बता रहे थे कि विशाल ने जान बचाने के लिए काफी कोशिश की। खेत में पड़ा लाल रंग का गमछा और एक हवाई चप्पल उनकी अंतिम लड़ाई के गवाह बन गए। शव कीचड़ में सने होने के चलते मुंह धुलने पर पहचान उसकी हुई। वहीं ग्रामीणों ने प्रेम प्रसंग में विशाल की हत्या होने की आशंका जाहिर की है।
जिम के प्रति था गहरा क्रेज
ग्रामीणों ने बताया कि विशाल का जिम के प्रति गहरा क्रेज था। स्वास्थ्य और फिटनेस उनके जीवन का हिस्सा था। मुंबई में रहते हुए वह अक्सर व्यस्त दिनचर्या के बीच भी जिम जाकर अपने शरीर को चुस्त-दुरुस्त रखता था।
-
मिलनसार और मददगार था विशाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि विशाल हमेशा मिलनसार और मददगार था। गांव के लोग उनकी ईमानदारी और मेहनत की तारीफ करते हैं। उसकी मौत ने सिर्फ परिवार ही नहीं बल्कि पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।
-
वर्जन
युवक की मां की तहरीर पर गांव के पिता-पुत्र व बेटी पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जाम लगाए ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया गया। घटना स्थल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई चल रही है। काॅल डिटेल समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
- ज्ञानेंद्र कुमार, एसपी नार्थ