गोरखपुर जिले में चौरीचौरा थाना क्षेत्र के सरैया हनुमान मंदिर में बृहस्पतिवार की भोर में करीब 3:30 बजे कुछ युवकों ने चोरी की कोशिश की। पुजारी के विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट करने के बाद सीसीटीवी के कैमरे तोड़ दिए। पुलिस ने पुजारी राधेश्याम दुबे की तहरीर पर करन व दो अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पुजारी राधेश्याम दुबे सुबह मंदिर में मौजूद थे। आरोप है कि इस दौरान पास का ही रहने वाला करन अपने साथियों के साथ नशे की हालत में आया और चोरी करने की कोशिश करने लगा। पुजारी ने विरोध किया तो मारपीट करते हुए बाहर चला गया। गेट बंद करने पर उसने बाहर से ईंट-पत्थर फेंका और सीसीटीवी के कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया।
इसे भी पढ़ें: लॉकडाउन में हुए 10 हजार से ज्यादा केस, लाइसेंसी असलहे-पासपोर्ट को तरस गए
पुजारी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। एएसपी मानुष पारिक ने बताया कि पुजारी से घटना के बारे में जानकारी ली गई है। आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है।