जानकारी के मुताबिक, रुधौली गांव में मंगलवार की रात में एक घर में जन्मदिन की पार्टी थी। इस दौरान नजदीक ही मिट्टी खनन में लगे ट्रैक्टर ट्राॅली के चालक अश्लील गाना बजा रहे थे। महिलाओं की आपत्ति पर विवाद हो गया। इस दौरान मारपीट हुई, लेकिन मौजूद लोगों ने मामले को शांत करा दिया।
बुधवार की सुबह जीप और बाइक से 12 से 15 लोग गांव में पहुंचे। सड़क किनारे राजकिशोर के घर के पास आकर गाली देने लगे। मना करने पर हमलावर लाठी-डंडे से पीटने लगे। इस बीच गांव वाले भी जुटे तो मनबढ़ों ने असलहे से फायरिंग कर दी। गोली राजकिशोर के सीने में लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई। जबकि अरविंद (22), सुभाष (50), सूर्य प्रकाश (20) गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने राजकिशोर को मृत घोषित कर दिया।
इसे भी पढ़ें: मामूली बात को लेकर हुआ विवाद, ससुर ने बहू को फावड़ा से मारकर उतारा मौत के घाट
घटना के बाद नाराज लोगों ने जाम लगा दिया और दस लाख रुपये मुआवजा, मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, सुरक्षा व बच्चों की परवरिश की व्यवस्था की मांग करने लगे।
उधर, जाम की सूचना पाते ही एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह कई थानों की फोर्स के साथ खुद मौके पर पहुंच गए। एसएसपी ने किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने मृतक राजकिशोर के पुत्र अनुराग की तहरीर पर डवनाडीह निवासी सुनील यादव, उसके भाई अरविंद यादव, रामनाथ यादव , राजेश, अरविंद, गोविंद, मोनू यादव व पांच अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि हत्याकांड में शामिल आरोपियों पर गैंगस्टर व एनएसए की कार्रवाई की जाएगी। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच, एसओजी व अन्य कई टीमें लगाई गई हैं। अवैध मिट्टी खनन की जांच के लिए एसपी साउथ व सीओ गोला के नेतृत्व में जांच टीम गठित की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।