महिला अस्पताल की स्वास्थ्यकर्मी का रुपये लेते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक महिला स्वास्थ्यकर्मी ऑपरेशन थियेटर से निकलकर एक व्यक्ति से रुपये ले रही है। रुपये गिनने के बाद वह कुछ और रुपयों की मांग करती दिख रही है। मामले में एसआईसी ने जांच के निर्देश दिए हैं।
जिला महिला अस्पताल में रुपये लेकर प्रसव कराने की शिकायतें लगातार आ रहीं हैं। लगातार शिकायतों के बाद भी इस पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। अब इसका वीडियो भी वायरल हुआ है। बताया जा रहा है कि तारामंडल का रहने वाला एक व्यक्ति अपनी बहन का प्रसव कराने महिला अस्पताल पहुंचा था। सामान्य प्रसव के नाम पर व्यक्ति से रुपये की मांग की गई। इस पर उसने व्यवस्था करने की बात कही।
ऑपरेशन के बाद एक महिला स्वास्थ्यकर्मी ऑपरेशन थियेटर से निकली और युवक से रुपये की मांग करने लगी। युवक ने पहले चार हजार रुपये दिए, लेकिन इसके बाद वह नहीं मानी। उसने और रुपयों की मांग की। इस पर युवक ने अपने बहनोई से दो हजार रुपये और मांगे। दो हजार मिलने के बाद उसने एक दूसरी स्वास्थ्यकर्मी को रुपये दिए। बताया जा रहा है कि महिला की शादी झांसी में हुई है। वह मायके आई थी, अचानक लेबर पेन हुआ तो परिजन महिला अस्पताल लेकर आए थे। वायरल वीडियो मंगलवार का बताया जा रहा है।