- नकहा ओवरब्रिज के नीचे सड़क पर पानी जमा होने के बाद पोल में करंट उतरने का दावा
- बिजली विभाग के अधिकारी अपने क्षेत्र की घटना मानने कर रहे इन्कार
- स्थानीय निवासी के मुताबिक बिजली कर्मियों ने बॉक्स ठीक करने के बाद हटाई गाय
- बिजली निगम के अधिकारियों ने घटना से किया इन्कार
गोरखपुर। नकहा ओवरब्रिज के नीचे मंगलवार दोपहर बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा होने के दौरान बिजली के पोल में करंट उतरने से गाय की मौत होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
स्थानीय निवासी सीमा पांडेय के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब तीन बजे बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा था। इसी दौरान सड़क किनारे लगे बिजली के पोल में करंट उतर आया। इसकी चपेट में आने से गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बिजली कर्मियों ने पोल के बॉक्स को ठीक किया जिसके बाद गाय को वहां से हटाया गया।
हालांकि बिजली निगम के अधिकारी घटना की जानकारी से इन्कार कर रहे हैं। राप्तीनगर ओल्ड उपकेंद्र के अवर अभियंता सत्यम श्रीवास्तव ने बताया कि घटना उनके क्षेत्र की नहीं है। उनके पास फोन जरूर आया था लेकिन उनके क्षेत्र में ऐसी कोई घटना नहीं हुई। वहीं, राप्तीनगर न्यू उपकेंद्र के अवर अभियंता नूर आलम ने भी इसे अपने क्षेत्र का मामला होने से इन्कार किया और घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही।
इंडस्ट्रियल एस्टेट के अवर अभियंता ने भी घटना से अनभिज्ञता जताई। राप्तीनगर के सहायक अभियंता सत्येंद्र कुमार ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है और उनके क्षेत्र में इस प्रकार की कोई घटना नहीं हुई है। दूसरी ओर, स्थानीय निवासियों के दावे और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मुताबिक घटना मंगलवार को ही होने की बात कही जा रही है।