सिद्धार्थनगर जिले में मोहाना थाना क्षेत्र के ककरहवा क्षेत्र में दो दिन से सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो चर्चा का केंद्र बना हुआ है। वीडियो में किसी गांव के कई लोग एक व्यक्ति को मारपीटे रहे हैं। वहां गांव की कुछ महिलाएं भी खड़ी हैं, जो मारने वालों को रोकने का प्रयास कर रही हैं। लेकिन साथ में पीड़ित व्यक्ति से यह भी कह रही है कि क्या तुम्हारे घर में मां बेटी नहीं है।
हालांकि वायरल वीडियो कहां का है यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। बुधवार की रात से सोशल मीडिया पर 2.50 मिनट का दो वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल पहले वीडियो में एनएच के मुख्य सड़क पर ही किसी गांव के कुछ व्यक्ति एकत्र होकर एक व्यक्ति को भद्दी-भद्दी गाली देते हुए लात मुक्कों से जमकर पिटाई कर रहे हैं।
वहीं दूसरे वीडियो में वह व्यक्ति गांव वालों से माफी मांगते हुए जान बचाने की गुहार लगा रहा है। वायरल वीडियो में घटित इस घटना का मुख्य कारण पता नहीं चल पा रहा है। क्षेत्रीय लोगों की मानें तो यह वायरल वीडियो मोहाना थाना क्षेत्र के सिकरी के पास किसी गांव का है, जबकि पीड़ित व्यक्ति ककरहवा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
सदर क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि वायरल वीडियो के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। पता करवाया जाएगा। अगर ऐसी कोई घटना हुई है तो दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस बारे में थानाध्यक्ष मोहाना जय प्रकाश दुबे ने बताया कि थाने पर अभी इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। पता कराया जा रहा है यदि घटना सही पाया गया तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।