- ठेकेदार को भुगतान के बदले रिश्वत मांगने का है आरोप
- देसही देवरिया ब्लॉक में तैनात है जयनारायण सिंह
- महुआडीह थानाक्षेत्र का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया (देवरिया)। पकड़ी वीरभद्र गांव स्थित पंचायत भवन से बुधवार दोपहर में ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) जयनारायण सिंह को गोरखपुर की एंटी करप्शन टीम ने 24 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को महुआडीह थाना ले जाकर पूछताछ की जा रही है।
गोरखपुर के इंदिरा नगर कॉलोनी, चंपा देवी पार्क के पीछे तारामंडल के रहने वाले जय नारायण सिंह देसही देवरिया विकास खंड में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात हैं। उसके कार्य क्षेत्र में कई ग्रामसभाएं हैं। मुंडेरा इमिलिया गांव भी उनके कार्य क्षेत्र में आता है। जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर के थाना कसया के परसौनी गांव के रहने वाले सतीश मणि एसके ट्रेडर्स के नाम से फर्म बनाकर ठेकेदारी करते हैं। सतीश मणि का आरोप है कि वह मुंडेरा इमिलिया गांव में हैंडपंप का रिबोर, नाली, कूड़ादान मरम्मत आदि कार्य कराए हैं। इसमें लगे खर्च का भुगतान करने के एवज में ग्राम विकास अधिकारी जय नारायण सिंह रिश्वत मांग रहे थे।
बुधवार दोपहर में जय नारायण पकड़ी वीरभद्र गांव स्थित पंचायत भवन / ग्राम पंचायत सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में बैठकर सरकारी कार्यों को निपटा रहे थे। इस दौरान दोपहर करीब 2.35 बजे सतीश मणि जयनारायण सिंह के पास पहुंचे और रिश्वत के 24 हजार रुपये देने लेगे। इसी दौरान गोरखपुर की एंटी करप्शन टीम वहां पहुंची और सतीश मणि से 24 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए जयनारायण सिंह को रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद महुआडीह थाने पर लाया गया। जहां पूछताछ की जा रही है। एसओ अमित कुमार राय ने बताया कि वीडीओ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एंटी करप्शन टीम की उसको लेकर गोरखपुर चली गई है।