गोरखपुर शनिवार को 70 बूथों पर 17540 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इनमें 15930 ने दूसरी डोज और 1610 को दूसरी डोज लगाई गई। अच्छी बात यह रही है कि दूसरी डोज के लिए लोग बूथों पर सुबह से ही लोग कतार में लगे रहे। जिला अस्पताल, महिला अस्पताल और संक्रामक रोग अस्पताल में टीकाकरण के लिए लोग पहुंचे थे।
संक्रामक रोग अस्पताल में कोवैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एनके पांडेय ने बताया कि दूसरी डोज के लिए लोग आगे आ रहे हैं। एक लाख लोगों की दूसरे डोज का समय पूरा हो चुका है। इन लोगों को लगातार मैसेज भी भेजा जा रहा है। ऐसे लोग शनिवार को स्पेशल बूथ पर टीका जरूर लगवाएं।
तीसरे दिन नहीं मिला कोई कोरोना संक्रमित
गोरखपुर। कोरोना संक्रमण के मामले खत्म हो चुके हैं। दूसरे दिन शनिवार को 24 घंटे में एक भी कोरोना संक्रमित नहीं मिला। चार हजार नमूनों की जांच हुई। 30 अगस्त के बाद से कोई मौत न होने पर स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। सीएमओ डॉ सुधाकर पांडेय ने बताया कि जिले में अब तक 59410 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसमें से 58546 लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। 849 की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस आठ रह गए हैं।