हज यात्रा पर जाने वाले 32 लोगों को लगा टीका
देवरिया। हज यात्रा पर जाने वाले 37 लोगों में 32 का टीकाकरण शुक्रवार को अंजुमन इस्लामिया हायर सेकेंडरी स्कूल मालवीय रोड में किया गया। पांच यात्रियों ने पहले टीका लगवा लिया है। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने टीकाकरण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने वैक्सीनेटर से टीका के बारे में पूछा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी व एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शासन स्तर से जनपद से हज यात्रा पर जाने वाले 37 लोगों की सूची मिली थी, जिसमें से 32 यात्रियों का टीकाकरण किया गया। शेष पांच के बारे में नाजिम आफताब अहमद ने बताया कि उन्होंने टीकाकरण करा लिया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि प्रदेश से हज यात्रा पर जाने वालों को जरूरी टीके लगाए गए। अंजुमन स्लामिया के सदर जलालुद्दीन खान ने हज यात्रियों को प्रशिक्षण देते हुए विस्तार से हज प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। कहा कि हज यात्रियों को चाहिए कि यात्रा को आसान और सुलभ तरीके से संपन्न कराने के लिए भारत सरकार तथा सऊदी सरकार के नियमों का पालन करें। सऊदी सरकार ने नशीला पदार्थ खसखस, धारदार हथियार कैंची, उस्तरा, ब्लेड, चाकू तथा तरल पदार्थ तेल, घी आदि ले जाने पर प्रतिबंध लगाया है। उन्होंने कहा कि हज यात्री किसी रोग से पीड़ित है और भारत में वह दवा चल रही है तो उसे साथ ले जा सकता है। दवाई का पर्चा अपने साथ रखना जरूरी है। टीकाकरण कराने वालों में मोहम्मद इस्लाम, नसरुद्दीन, ताहिरा बेगम, सिमरन, शाहिद, अली अंसारी, फरोजन , अंजुम, नियमत उल्लाह, सदरू निशा, मोहम्मद उमर, सिराजुद्दौला आदि हज यात्री शामिल रहे। वैक्सीनेशन टीम में डॉ. जफर अनीस, एएनएम सुनीता, सोनल विश्वकर्मा, एलटी राकेश यादव, साहिल रहे।
इस दौरान अंजुमन इस्लामिया हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य मोहम्मद जलालुद्दीन खान सदर अंजुमन इस्लामिया सहयोगी संस्थान, एआरओ राकेश चंद, यूनिसेफ के गुलजार त्यागी, ईविन के अभिषेक आदि ने सहयोग दिया।