पुराना गोरखपुर के रहने वाले अर्जुन दास के पुत्र राकेश कुमार मेघानी का चयन पीसीएस की परीक्षा के जरिए प्रधानाचार्य पद हुआ है। महाराणा प्रताप इंटर कालेज से माध्यमिक शिक्षा ग्रहण करने वाले राकेश ने गोरखपुर विश्वविद्यालय से बीकॉम और एमकॉम की डिग्री हासिल करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। उन्हें कर्मचारी चयन आयोग के जरिए सीबीआइ में सब इंस्पेक्टर और एडीओ कोआपरेटिव पद पर चयन में पहले भी सफलता मिल चुकी है। माध्यमिक शिक्षा चयन आयोग के माध्यम से चयन पाकर फिलहाल वह डीबी इंटर कालेज में बतौर शिक्षक तैनात हैं। अपनी सफलता का श्रेय वह पिता अर्जुन दास, मां सुशीला देवी, परिवार के सदस्यों और मित्रों को देते हैं।
नायब तहसीलदार बने निशांत
जंगल कौड़िया जगत बेला क्षेत्र के भंडारो गांव के हिमांशु अमिताभ मिश्रा के पुत्र निशांत मिश्रा का चयन नायब तहसीलदार के पद पर हुआ है। माध्यमिक शिक्षा जुबिली इंटर कालेज से ग्रहण करने के बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री हासिल करने वाले निशांत के पिता का साया उनके सिर से 2002 में ही उठ गया लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। पढ़ाई को निर्बाध गति से जारी रहा। मेहनत का परिणाम उन्हें पीसीएस परीक्षा में चयन के रूप में मिल गया है। अपनी सफलता का श्रेय वह अपनी माता मीना मिश्रा के अलावा मित्रों और गुरुजनों को देते हैं।
पीपीडी इंटर कॉलेज मछली गांव में अंग्रेजी के प्रवक्ता राजन प्रताप का चयन पीसीएस परीक्षा के जरिये प्रधानाचार्य पद के लिए हुआ है। मूल रूप से गोठा मऊ के रहने वाले राजन में प्रशासनिक सेवा को लेकर इनका जुनून किस हद तक था, इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि उन्होंने इसके लिए बैंक पीओ का पद छोड़ दिया। इंटर कॉलेज का प्रवक्ता बन प्रशासनिक सेवा की तैयारी करते रहे, अंत में उन्हें पीसीएस परिणाम में जगह बनाने में सफलता मिल ही गई। अपनी सफलता का श्रेय व अपने पिता कृष्ण प्रसाद, माता गुलइची देवी, पत्नी पुष्पलता, कॉलेज परिवार, दोस्तों और गुरुजनों को देते हैं।