बीआरडी मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग विभाग में चोरी करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग विभाग से दवा चोरी कर निजी नशा मुक्ति केंद्र में सप्लाई की जा रही थी। गुलरिहा पुलिस ने मंगलवार को दवा चोरी करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी संजय सिंह मुगलहा में नशा मुक्ति केंद्र का फ्रेंचाइजी चलाता है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग विभाग की सोमवार की सुबह ओपीडी थी। सुबह जब कर्मचारी पहुंचे तो देखा की ओपीडी के कमरे का ताला तोड़कर आलमारी में रखी ओएसटी की दवा चोरी हो गई है और आलमारी में रखे कागजात को बिखेर दिया गया था। विभागाध्यक्ष डॉ. तपस कुमार की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही थी।
इसे भी पढ़ें: अदाणी, लुलु मॉल और दीप एसोसिएट्स की सहमति, एमओयू सीएम के सामने
मंगलवार की दोपहर पुलिस ने मेडिकल काॅलेज परिसर से आरोपी रहमान निवासी लालगंज जंगल छत्रधारी थाना पिपराइच व संजय सिंह निवासी मसहवा लच्छीपुर थाना गोरखनाथ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से 1950 रुपये बरामद किया है। पुलिस के अनुसार संजय सिंह मुगलहा में नशा मुक्ति केंद्र का फ्रेंचाइजी ले रखा है। वह दवा चोरी कर बेच देता था।
16 दिसंबर को भी चोरी की गई थी दवा
पुलिस के अनुसार बीआरडी मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग विभाग के ओएसटी सेंटर से 16 दिसंबर को भी 1597 गोलियां चोरी की गई थी। उस घटना को भी इन्हीं दोनों आरोपियों ने अंजाम दिया था। बताया गया कि चोरी की दवा बाजार में नहीं मिलती है, इसके चलते दवा को चोरी कर कीमती दाम पर बेचा जा रहा था।