संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से रविवार को शहर के 39 केंद्रों पर प्रारंभिक परीक्षा-2020 आयोजित कराई जाएगी। इसे लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दो पालियों में परीक्षा कराई जाएगी। सुबह 9.30 से 11.30 तथा दोपहर 2.30 से 4.30 बजे तक होने वाली इस परीक्षा के लिए 18141 अभ्यर्थी पंजीकृत हुए हैं। परीक्षा कराने के लिए बड़ी संख्या में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
एडीएम सिटी राकेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं केंद्राध्यक्षों के साथ शुक्रवार को ही बैठक हुई। हर केंद्र पर एक निरीक्षणकर्ता अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है।
ये अधिकारी दोनों पालियों में परीक्षा शुरू होने के दो घंटे पहले पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेंगे। सभी केंद्रों को सैनिटाइज कराया गया है। हर परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र पहुंचाने के लिए एक-एक सहायक समन्वयी पर्यवेक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षार्थी मास्क लगाकर ही परीक्षा केंद्रों पर जाएंगे। जिनके पास मास्क नहीं होगा, उन्हें केंद्र पर ही उपलब्ध कराएंगे।