टेलरिंग शॉप योजना : ऋण की छह किस्त अदा करेगा साहू समूह
गोरखपुर। जहां प्रदेश सरकार टेलरिंग शॉप योजना के तहत ऋण पाने वाले युवाओं को स्वावलंबी बनाने की पहल कर रही है, वहीं साहू समूह ने भी इस योजना के तहत ऋण पाने वालों लाभार्थियों को कुछ आर्थिक सहायता देने की पहल की है। सामाजिक सरोकार के तहत इस समूह ने ऋण राशि की पहली छह किस्त की धनराशि अपनी ओर से अदा करने का फैसला लिया है।
प्रदेश सरकार ने टेलरिंग शॉप योजना के तहत अनुसूचित जाति के बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वावलंबी बनाने के लिए सिलाई मशीन देने का निर्णय लिया है। योजना के तहत परियोजना की अधिकतम लागत राशि 20 हजार रुपये निर्धारित की है। इसके तहत 50 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी और 50 प्रतिशत की राशि ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा। योजना के तहत राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना और कौशल विकास निगम के सिलाई-कढ़ाई ट्रेड के लाभार्थियों को तरजीह मिलेगी।
- योजना के तहत जो भी लाभार्थी सिलाई मशीन लेगा, उसकी छह किस्त साहू समूह के द्वारा दी जाएगी। समूह की कोशिश है कि जो भी अभ्यर्थी सिलाई संबंधी अपना स्वरोजगार शुरू कर रहा है, उसे शुरुआती दौर में कुछ आर्थिक सहायता देकर मदद की जाए।
-सनूप कुमार साहू, उद्यमी