संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा 2019 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के मोहम्मद आकिब उत्तीर्ण (25) होकर पूरे जिले का मान बढ़ाया है।
बता दें कि मोहम्मद आकिब धर्मसिंहवा क्षेत्र के पोखरभिटवा गांव के निवासी हैं। उन्हें परीक्षा में 579वां रैंक प्राप्त हुआ है। आकिब का यह तीसरा प्रयास था, इससे पहले वह इंटरव्यू तक नहीं पहुंच पाए थे। परीक्षा पास होने की सूचना मिलते ही उनके फोन पर दोस्त रिश्तेदारों का शुभकामना संदेश आने लगा, गांव के लोग भी बधाई देने उनके घर पहुंच रहे हैं।
मध्यम वर्गीय एवं साधारण किसान परिवार में जन्मे मोहम्मद आकिब बचपन से ही मेधावी छात्रों में गिने जाते थे। उन्होंने बताया कि गांव के ही प्राइमरी पाठशाला में कक्षा पांच तक की पढ़ाई की। इस दौरान उन्हें पढ़ा रहे शिक्षक विजय कुमार पांडेय तथा रामवृक्ष के विशेष प्रोत्साहन से वे नवोदय की तैयारी भी करने लगे।