पिपराइच। नगर पंचायत के विकास कार्यों की जांच शुरू हो गई है। इस बीच रविवार को गढ़वा अब्दुल हमीद नगर (वार्ड-8) में बिजली के 19 खंभे उखाड़े जाने को लेकर हंगामा हो गया। भाजपा नेता संघर्ष मणि उपाध्याय ने खंभे उखाड़े जाने का विरोध करने पर बदसलूकी, मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाया है।
मामले में पुलिस ने ठेकेदार संजय मद्धेशिया समेत पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सभासदों की शिकायत पर इस मामले की जांच चल रही है। शिकायत है कि नगर पंचायत पिपराइच से अगया गांव को जोड़ने वाली सड़क पर काफी समय पहले बिजली के 19 खंभे लगाए गए थे। इनकी गुणवत्ता और मानक पर सवाल खड़े किए गए थे। खंभों पर तार नहीं लगाए गए थे।
अगया गांव निवासी व भाजपा नेता संघर्ष मणि उपाध्याय की तहरीर के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे वह गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कुछ लोगों को खंभे उखाड़ते देखा। कारण पूछने और इसका विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी गई।
बिना अनुमति पोल उखाड़ना गंभीर मामला
वार्ड-8 के सभासद प्रतिनिधि इस्राफील ने आरोप लगाया कि जांच में पकड़े जाने के डर से बिना अनुमति खंभे उखाड़े जा रहे थे। सरकारी कार्य में इस तरह हस्तक्षेप करने और जांच में बाधा डालने का प्रयास गंभीर मामला है। उन्होंने ठेकेदार का लाइसेंस निरस्त कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।