मरीज को रेफर करने पर जिला महिला अस्पताल में हंगामा हो गया। मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों ने निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां पर बच्ची पैदा हुई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की लापरवाही से उन्हें निजी अस्पताल जाना पड़ा है। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया।
जानकारी के मुताबिक, खजनी इलाके की एक गर्भवती को लेकर परिजन बुधवार को दोपहर में जिला महिला अस्पताल पहुंचे थे। महिला को भर्ती किया गया फिर डॉक्टरों ने बताया कि गर्भ में पल रही बच्ची की स्थिति ठीक नहीं है और उसे एनआईसीयू में रखने की आवश्यकता पड़ सकती है। एनआईसीयू नहीं होने का हवाला देते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
इसी के बाद परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। कोतवाली इंस्पेक्टर अजय मौर्या ने बताया कि रेफर करने की बात पर विवाद हुआ था, नर्सिंग होम में बच्ची पैदा हुई है। परिजन अस्पताल प्रबंधन पर वसूली का आरोप लगा रहे थे, सबको समझा कर शांत कर दिया गया।