गोरखपुर शहर में शाहपुर इलाके के संगम चौराहा स्थित गोल्डन फ्यूचर ऑनलाइन सेंटर में बृहस्पतिवार को आयोजित स्टॉफ नर्स भर्ती परीक्षा के लिए कंप्यूटर लॉगिंग न होने पर परीक्षार्थियों ने हंगामा किया। बाद में इस सेंटर की परीक्षा निरस्त कर दी गई। हंगामा कर रहे परीक्षार्थियों को पुलिस ने घंटों समझाने के बाद मामले को शांत कराया।
जानकारी के मुताबिक, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लखनऊ की ओर से 431 पदों पर स्टाफ नर्स के लिए विज्ञापन निकाला गया था, जिसमें 42 हजार से अधिक महिलाओं और पुरुषों ने फार्म भरा था। बृहस्पतिवार को परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई थी। इसमें गोल्डन फ्यूचर ऑनलाइन केंद्र पर प्रत्येक पाली में 200 परीक्षार्थियों को परीक्षा होनी थी।
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे जबकि द्वितीय पाली की परीक्षा 3 से 5 बजे होनी थी। परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले परीक्षार्थियों से कंप्यूटर सिस्टम में लॉगिन करने के लिए संचालक की ओर से कहा गया। कुछ परीक्षार्थियों का सिस्टम लॉगिन नहीं हो पाया, जबकि अन्य छात्रों का सिस्टम लॉगिन हो गया। इस पर परीक्षार्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया।
लॉगिन नहीं होने पर कंपनी के अधिकारी ने कंट्रोल रूम में संपर्क किया, जिसके बाद दिए गए निर्देशों का पालन कंपनी के अधिकारी द्वारा किया गया। इस बीच द्वितीय पाली की परीक्षा का भी समय हो गया था। हंगामा बढ़ते देख दूसरी पाली की परीक्षा भी निरस्त कर दी गई।
तकनीकी खराबी व सर्वर डाउन होने की वजह से कंप्यूटर सिस्टम में समय से लॉगिन नहीं हो पाया, जिसकी वजह से छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। कंपनी द्वारा गोल्डन फ्यूचर ऑनलाइन केंद्र की परीक्षा निरस्त कर दी गई है।
-राजकुमार, परीक्षा समन्वयक, ईडीयू टेस्ट कंपनी, गुजरात।
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होनी थी। नियत समय पर अधिकांश परीक्षार्थियों का कंप्यूटर सिस्टम लॉगिन हो चुका था। कुछ परीक्षार्थियों के सिस्टम में लॉगिन नहीं हो रहे थे, जिसके चलते हंगामा हुआ।
-सत्येंद्र कुमार श्रीवास्तव, संचालक, गोल्डन फ्यूचर पॉइंट संगम चौराहा।