पादरी बाजार। पादरी बाजार स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर शनिवार शाम क्रेटा कार में 51 लीटर डीजल भरने को लेकर हंगामा हो गया। कार मालिक ने टंकी में पहले से 5-6 लीटर डीजल होने का दावा करते हुए क्षमता से अधिक डीजल भरने और घटतौली का आरोप लगाया। करीब आधे घंटे तक चले विवाद के बाद गुलरिहा पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
शाहपुर के मानस विहार कॉलोनी निवासी ठेकेदार अभिषेक पांडेय शाम करीब चार बजे कार में डीजल भरवाने पहुंचे थे। उन्होंने कर्मचारियों से टंकी फुल करने को कहा। आरोप है कि कर्मचारियों ने 51 लीटर डीजल भर दिया जबकि क्रेटा की टंकी की क्षमता करीब 50 लीटर है। ज्यादा डीजल भरने पर अभिषेक ने आपत्ति जताई तो कर्मचारियों से कहासुनी हो गई और मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डीजल की डेंसिटी की जांच कराई, लेकिन अभिषेक संतुष्ट नहीं हुए और टंकी से डीजल निकलवाकर नापने की मांग की। इंडियन ऑयल और बाट-माप विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दी गई थी लेकिन उनके पहुंचने से पहले विवाद खत्म हो गया। पंप मालिक अमरीश लाल गुप्ता ने कहा कि पंप पर घटतौली नहीं की जाती है। उनके मुताबिक बाद में ग्राहक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित में दिया है। थाना प्रभारी जेपी पाल ने बताया कि पीड़ित की ओर से कोई शिकायत नहीं की गई है।