फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी पंचायत चुनाव 2021: गोरखपुर में पेट्रोल छिड़क कर फूंकी गई पुलिस चौकी, पुलिस वालों ने भागकर बचाई जान

Thu, 06 May 2021 10:12 AM IST
vivek shukla अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर।

सार

चौकी की गाड़ियों, कुर्सियों और पीएसी की बस में लगाई आग, पीआरवी की दो गाड़ियां तोड़ीं, कई थाने की फोर्स के साथ पहुंचे एसएसपी, लाठीचार्ज कर लोगों को खदेड़ा, गांव में तनाव
 
विज्ञापन
नाराज भीड़ ने पुलिस चौकी पर खड़ी बाइकों व पीएसी की गाड़ी में आग लगा दी। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोरखपुर जिले में जीते प्रत्याशी को हारा बताकर विजेता का सर्टिफिकेट दूसरे को देने के मामले में एक प्रत्याशी के अराजक हुए समर्थकों ने बुधवार शाम पेट्रोल छिड़क कर झंगहा थाने की नई बाजार चौकी में आग लगा दी। चौकी परिसर में खड़े वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया।
विज्ञापन


ईंट-पत्थर और डंडों के साथ आई भीड़ जान लेने पर उतारू दिख रही थी। सहमे पुलिस कर्मी भाग खड़े हुए और किसी तरह जान बचाई। इसके बाद भीड़ ने पुलिस चौकी को तहस नहस कर दिया। अराजक भीड़ ने पुलिस चौकी के एक-एक हिस्से में घुसकर तोड़फोड़ की।

दूसरी तरफ, हालात को काबू करने आई पीएसी की एक बस में आग लगा दी। डायल 112 (पीआरवी) की दो गाड़ियां तोड़ डालीं। इसकी सूचना मिलते ही गोरखपुर से लखनऊ तक हड़कंप मच गया। आनन-फानन पुलिस और प्रशासनिक अफसर नई बाजार दौड़े। भारी पुलिस फोर्स लगाकर बवाल पर काबू पाया गया।
विज्ञापन


वहीं, बवाल के बाद वार्ड नंबर 61 का चुनावी नतीजा बदल गया। जिस कोदई साहनी को हारा हुआ घोषित किया था, उसे विजयी बना दिया गया। इस मामले में रिटर्निंग आफिसर की जिम्मेदारी तय की गई है। जिलाधिकारी के विजयेंद्र पांडियन का कहना है कि रिटर्निंग आफिसर के खिलाफ मुकदमा कराया जाएगा। उधर, पुलिस चौकी में बवाल के मामले में तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इसमें दो को नामजद किया गया है जबकि करीब 500 अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है।

 

हारे हुए प्रत्याशी को दिया गया था जीत का प्रमाणपत्र

जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर-61 से जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी कोदई साहनी को मतगणना में विजेता घोषित किया गया था। कोदई को 4464 वोट मिले थे। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी रमेश को 4186 वोट मिले थे। मतगणना के बाद जीत का प्रमाणपत्र देने के लिए बुधवार को प्रत्याशियों को जिला मुख्यालय बुलाया गया था।

इसी बीच रिटर्निंग आफिसर (आरओ) वीरेंद्र कुमार ने रमेश को विजेता बता दिया और जीत का प्रमाणपत्र भी थमा दिया। इसकी सूूचना मिलते ही कोदई व उनके समर्थक सड़क पर उतर आए। पहले ब्रह्मपुर ब्लॉक मुुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया, फिर जुलूस की शक्ल में नई बाजार चौराहा पहुंच गए। चौराहे पर जमकर उत्पात मचाया। 

हाथों में लाठी, डंडा, ईंट व पत्थर लेकर आई भीड़ को जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वे भिड़ गए। पुलिस पर पथराव कर दिया। इससे पुलिस बैकफुट पर आ गई। जान बचाने के लिए पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए। इस बीच भीड़ नई बाजार पुलिस चौकी में घुस गई। पहले पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। जब पुलिसकर्मी भाग गए तो पेट्रोल छिड़कर चौकी में आग लगा दी।

चौकी परिसर में खड़े पुलिस कर्मी व दूसरे वाहनों को आग के हवाले कर दिया। उत्पात की सूचना पर नियंत्रण के लिए पीएसी रवाना की गई। पीएसी ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने पीएसी की बस में आग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जिस वक्त बस में आग लगाई गई उस वक्त कुछ जवान बस में थे।

आग लगने के बाद कूदकर जान बचाई। अग्निकांड की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां रवाना की गईं। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर गए। पुलिस ने मोर्चा संभाला और उत्पातियों को खदेड़ा। एहतियातन नई बाजार और आसपास के गांवों में पुलिस व पीएसी की तैनाती कर दी गई है।
 
विज्ञापन

वीडियो से की जाएगी पहचान

घटना के तमाम वीडियो पुलिस को मिले हैं। इसमें लाठी, डंडे, ईंट व पत्थर से लैस उत्पाती दिख रहे हैं। अब पुलिस उत्पातियों को पहचानकर मुकदमा दर्ज करेगी। एसएसपी का कहना है कि इस मामले के दोषियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासनिक चूक से बढ़ा बवाल
प्रशासनिक चूक से बढ़ा बवाल वार्ड नंबर-61 से जिला पंचायत सदस्य के नतीजे को लेकर विवाद की सूचना प्रशासन को पहले से थी। यह भी पता था कि ब्रह्मपुर ब्लॉक मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन चल रहा है। रिकाउंटिंग की मांग भी की जा रही थी लेकिन प्रशासन ने कोई कारगर कदम नहीं उठाया। नतीजा रहा कि हिंसा होने लगी। प्रदर्शनकारी उत्पात मचाने लगे। जब बवाल हो गया, तब नतीजों को देखा गया। इसके बाद कोदई साहनी को विजेता घोषित किया गया।  

गोरखपुर एसएसपी  दिनेश कुमार प्रभु ने कहा कि उपलब्ध वीडियो व सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिए आरोपितों की पहचान की जा रही है। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जो दोषी होंगे, उनके खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। हालात पूरी तरह से नियंत्रित हैं। एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात की गई है।


जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि जिला पंचायत वार्ड नंबर 61 को लेकर शिकायत मिली थी। इस पर पड़े मतों का बूथवार मिलान किया गया। फिर 61 में कोदई साहनी को विजयी घोषित किया गया है। परिणाम को लेकर ब्रह्मपुर के आरओ की गलती सामने आई है। आरओ सिंचाई विभाग के एक्सईएन वीरेंद्र कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। उनके खिलाफ चुनाव आयोग को भी कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें