गोरखपुर जिले के भरोहिया ग्राम पंचायत से सब्जी बेचने वाले सतीश कुमार के प्रधान पद पर जीत से विवाद खड़ा हो गया। जीते प्रत्याशी के पक्ष में ग्रामीण धरने पर बैठ गए। देर रात तक फैसला नहीं होने के कारण प्रमाणपत्र नहीं दिया गया।
जानकारी के अनुसार, पिटेश्वर नाथ भरोहिया शिव मंदिर के महंत गोपी बाबा दो वोटों से सतीश कुमार से चुनाव हार गए। इसके बाद बाबा ने दोबारा मतगणना कराने की मांग की।
मतगणना की गिनती जब दोबारा हुई तो उसमें भी सतीश कुमार दो वोट से जीत गए। इसके बाद भरोहिया ग्राम सभा से सतीश के जीत की घोषणा कर दी गई और सर्टिफिकेट के लिए काउंटर पर बुलाया गया। मगर काफी देर इंतजार करने के बाद भी सर्टिफिकेट नहीं दिया गया।
कुमार को बताया गया कि तीसरी बार मतगणना होगी। इतना सुनते ही कुमार के समर्थक आक्रोशित हो गए और धरने पर बैठ गए। खबर लिखने तक कुमार के समर्थकों का धरना जारी था।
एसडीएम और सीओ सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। एसडीएम का कहना है कि सोमवार को दोनों पक्षों की मौजूदगी में मतों की गिनती के बाद निर्णय लिया जाएगा।