पंचायत उपचुनाव के लिए गोरखपुर में शनिवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। शाम छह बजे तक मतदान जारी रहेगा। उपचुनाव के तहत ग्राम पंचायत सदस्य पद के 191 तथा ग्रामप्रधान और बीडीसी सदस्य के 6-6 पदों के लिए मतदान हो रहा है। मतगणना 14 जून को होगी।
सामान्य त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद जिले में ग्राम पंचायत सदस्य के 4496, ग्राम प्रधान के सात और बीडीसी के नौ पद खाली थे। नाम वापसी के बाद अधिकांश पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया। कुछ पदों पर नामांकन ही नहीं हुआ था। अब सदस्य के सिर्फ 191 पदों के लिए मतदान हो रहा है।
इसके अलावा ग्राम प्रधान के सात रिक्त पदों में एक पर निर्विरोध निर्वाचन के बाद छह पद ही रिक्त बचे हैं, जिनके लिए मतदान हो रहा है। बीडीसी के नौ पदों में से दो पर निर्विरोध निर्वाचन के बाद सिर्फ सात पद बचे थे। वार्ड नंबर 52 में मतदान ही निरस्त हो गया। जिसके बाद छह पदों पर वोटिंग हो रही है।
मतदान संपन्न कराने के सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम हैं। सभी एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है, जबकि 24 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिले के 18 ब्लाकों में मतदान हो रहा है, जबकि भरोहिया एवं सरदारनगर में मतदान की नौबत नहीं आई। वहां के खाली पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया।