नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर के युवा उत्साहित हैं। उनका कहना है कि देश के इस उत्सव में भाग लेकर वह देश निर्माण की दिशा में भूमिका निभाएंगे। कहा, महापौर व पार्षद का यह चुनाव उन्हें अपने स्थानीय व कर्मठ नेता को चुनने का मौका देता है। आपराधिक छवि वाले को नकारेंगे, जुझारू नेता चुनेंगे।
युवाओं का कहना है कि ऐसे नेता का चयन करेंगे जो चुनाव के समय हाथ जोड़कर वोट मांगने के बजाए जनता की जरूरत पर खड़ा हो और उनकी समस्याओं का समाधान कराए। जमीन से जुड़ा नेता चुनने की जरूरत है जो शहर और क्षेत्र की समस्याओं को दूर करे।
बोले युवा
हर पांच साल में देश के नागरिकों को चुनाव के रूप में इस उत्सव में शामिल होने का अवसर मिलता है। जाति-धर्म से इतर विकास व अपने स्थानीय नेता को देखते हुए वोट करना चाहिए। छवि भी अच्छी होनी चाहिए।
- ऐनन, अलीनगर।
देश के इस उत्सव में सभी को खासकर युवाओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। शिक्षित व जमीन से जुड़ा नेता ही युवाओं की पहली पसंंद है। बहुत सोच समझकर वोट देना चाहिए। हमारा एक वोट महत्वपूर्ण होता है।
- शिवम सिंह, दिव्य नगर
पहले के समय में घर के बड़ों के कहने पर किसी एक प्रत्याशी को वोट किया जाता था। लेकिन, अब युवा खुद की पसंद से अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहा है। चुनाव के बाद भी लोगों के बीच जाकर रहने वाले प्रत्याशी को वोट दूंगा।
- अंकित, मोहद्दीपुर।
साेच समझकर सही प्रत्याशी का चयन किया जाना चाहिए ताकि बाद में पछतावा न हो। राजनीतिक पार्टियाें को आपराधिक छवि रखने वाले प्रत्याशियों को टिकट देने से बचना चाहिए। हमारा नेता क्षेत्र का विकास करने वाला होना चाहिए।
- अंकित चौधरी, आजाद चौक।