गोरखपुर के खोराबार थाना इलाके के वार्ड नंबर तीन स्थित अशोकनगर कॉलोनी में उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत पांच लोगों की सड़क हादसे में मौत की खबर पहुंची। शादी की खुशियां गम में बदल गई।
बताया जा रहा है कि बेटी की शादी के बाद विनय श्रीवास्तव रांची से पत्नी और बेटे के साथ खोराबार लौट रहे थे। इसी दौरान बिहार में उनकी गाड़ी से दो लड़कियां घायल हो गईं। घटना के बाद उन्होंने घायलों का इलाज कराया, लेकिन पुलिस ने उनकी गाड़ी को कब्जे में ले लिया और अगले दिन छोड़ने की बात कही।
रिश्तेदारों ने बताया कि हादसे के बाद मजबूरी में परिवार ने दूसरा चारपहिया वाहन किराए पर लिया और घर के लिए निकल पड़े। रास्ते में वाराणसी गोरखपुर फोरलेन पर दोहरीघाट (मऊ) के पास सड़क हादसे में विनय श्रीवास्तव, उनकी पत्नी अर्चना, बेटा कृतार्थ के साथ ही दोनों कार चालकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना खोराबार स्थित उनके घर पहुंची। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों की आंखें नम हो गईं। घर में कुछ दिन पहले से शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सन्नाटा और मातम पसरा है।
स्थानीय लोगों और रिशतेदारों ने बताया कि खोराबार के अशोकनगर कॉलोनी निवासी शिक्षक विनय श्रीवास्तव ने 14 अप्रैल को घर में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया था। अगले ही दिन 15 अप्रैल को वह पत्नी अर्चना श्रीवास्तव, बेटे कृतार्थ श्रीवास्तव के साथ बेटी मिसांसा श्रीवास्तव की शादी के लिए रांची रवाना हुए।
बताया जा रहा है कि वे किसी परिचित का चारपहिया वाहन लेकर गए थे। रांची में शादी सकुशल संपन्न हुई। मिमांसा रांची में एक निजी कंपनी में कार्यरत है, जहां उनकी मुलाकात सहकर्मी सुधांशु शेखर तिवारी से हुई थी। दोनों के बीच परिवार की सहमति से विवाह हुआ। लड़के का परिवार रांची में रहता है, जबकि मूलरूप से वे देवरिया जिले के कसया रोड स्थित रघवापुर के निवासी हैं।
मूल रूप से बरहज के रहने वाले थे विनय
स्थानीय लोगों के अनुसार, विनय श्रीवास्तव मूल रूप से देवरिया के बरहज क्षेत्र के निवासी थे और वर्ष 2009-10 के आसपास उन्होंने खोराबार क्षेत्र में जमीन खरीदी थी। बाद में वर्ष 2015 के आसपास यहां अशोकनगर कॉलोनी में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहने लगे। वह एक निजी संस्थान में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे और अपने सरल स्वभाव के कारण क्षेत्र में सम्मानित माने जाते थे।
माता-पिता की मौत की सूचना पर पति संग पहुंची बेटी
हादसे में माता-पिता और भाई की मौत की सूचना पर बेटी मिमांसी पति सुधांशु शेखर तिवारी समेत तीन अन्य लोगों के साथ शहर पहुंची। मिमांसी ने पति और रिश्तेदारों की मौजूदगी में कुत्ते को कॉलोनी के बाहर स्थित एक तालाब में उसके शव को दफना दिया। इधर, रात करीब 9 बजे माता-पिता और भाई का शव जब घर पहुंचा तो मिसांसी शव से लिपट कर रोने लगी। मोहल्ले वालों की भीड़ एकत्रित हो गई।
25 साल से गोरखपुर में रहता था विनय का परिवार
भलुअनी के ठाकुर देवरिया गांव निवासी विनय श्रीवास्तव (53) का परिवार 25 साल से गोरखपुर के रानीडीहा क्षेत्र में रहता है। मऊ के पास हुए हादसे में चालक सहित पांच लोगों की मौत से हर कोई हतप्रभ है। बिटिया मीमांसा की शादी में कुछ दिन पहले वह रांची गए थे। घर वापसी के समय हादसे के शिकार हो गए। भलुअनी क्षेत्र के ठाकुर देवरिया गांव निवासी रमाशंकर लाल के परिवार का गांव आना-जाना कम हो गया था। रमाशंकर के बेटे विनय प्राइवेट शिक्षक है।
बेटी की शादी कर लौट रहा था परिवार, ट्रेलर से टकराई स्कार्पियो, दंपती व बेटे सहित 5 की मौत
मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बशारतपुर गांव के पास गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर शुक्रवार की रात करीब 2:30 बजे चालक को झपकी आने से स्कॉर्पियो डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में गोरखपुर के विनय श्रीवास्तव (60), उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (58), इकलौते बेटे कृतार्थ श्रीवास्तव (27), चालक रविंद्र यादव व उनके गांव मटिहानी के पुरुषोत्तम कुमार (47) की मौत हो गई।
विनय श्रीवास्तव रांची में बेटी की शादी के बाद परिवार के साथ गोरखपुर लौट रहे थे। एसपी कमलेश बहादुर ने बताया कि पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने करीब ढाई घंटे के प्रयास के बाद स्कॉर्पियो को काटकर पांचों शवों को बाहर निकाला।
गोरखपुर जिले के खोराबार थाना क्षेत्र के रानीडीहा के विनय श्रीवास्तव अपनी बेटी विमन्सा की शादी करने रांची गए थे। 20 अप्रैल को शादी संपन्न होने के बाद परिवार के साथ वह बिहार के गया पहुंचे। स्कॉर्पियो बुक कर पत्नी अर्चना और बेटे कृतार्थ के साथ गोरखपुर लौट रहे थे। रविंद्र यादव निवासी गांव मटिहानी थाना मोहनपुर जिला गया स्कॉर्पियो चला रहे थे।
रविंद्र के गांव के पुरुषोत्तम कुमार भी साथ में थे। कार में एक कुत्ता भी था। रात करीब 2:30 बजे हाईवे पर बशारतपुर स्थित शारदा सहायक खंड-32 नहर की कॉलोनी के सामने पहुंचे, तभी चालक को झपकी आ गई। स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो आगे से पूरी तरह पिचक गई।
सीएम योगी ने जताया शोक
सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट कर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि जनपद मऊ में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक संतृप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की।