सिद्धार्थनगर-बस्ती स्थानीय निकाय के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुभाष यदुवंश को जीत मिली है। उन्होंने सपा के संतोष यादव उर्फ सनी यादव को 4294 मतों से पराजित किया है।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंगलवार की सुबह आठ बजे से शिवहर्ष किसान पीजी कॉलेज में मतगणना शुरू हुई। तीनों जिलों बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर के 37 बूथों की मतों की गिनती के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने भाजपा प्रत्याशी सुभाष यदुवंश को विजयी घोषित किया।
भाजपा के सुभाष यदुवंश को 5203 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के संतोष यादव सन्नी को महज 909 वोट ही मिले। सुभाष यदुवंश 4294 वोट से चुनाव जीते। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी राजू सैनी को 42 मतों से ही संतोष करना पड़ा। 104 मत अवैध घोषित किए गए।
चुनाव नतीजा घोषित होते हुए भाजपाइयों में खुशी की लहर दौड़ गई। मतगणना केंद्र के बाहर ढोल-नगाड़े बजने लगने। समर्थक पटाखे छोड़ने लगे। बाद में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सुभाष यदुवंश को प्रमाण पत्र सौंपा।
मतगणना के दौरान प्रेक्षक एसपी आनंद, पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव, सीडीओ डॉ.राजेश प्रजापति, एडीएम अभय कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।