फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CM Yogi Nomination: पहले दिन भाजपा से सीएम योगी और सरवन निषाद ने दाखिल किया पर्चा, इन दिग्गजों का मिला साथ

Fri, 04 Feb 2022 05:25 PM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।

सार

कलेक्ट्रेट परिसर एवं उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में फोर्स तैनात की गई है। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट से लेकर नामांकन कक्ष के बाहर व भीतर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
विज्ञापन
नामांकन करते योगी आदित्यनाथ साथ में अमित शाह। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विधानसभा चुनाव के छठे चरण के नामांकन के पहले दिन गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नामांकन किया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, यूपी के चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के साथ कलेक्ट्रेट आए योगी ने दो सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किया।

विज्ञापन


दूसरी तरफ, चौरीचौरी विधानसभा क्षेत्र से सरवन निषाद ने भी भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। सरवन, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद के बेटे हैं। वहीं, जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों से नामांकन के लिए विभिन्न प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने 96 पर्चे खरीदे हैं।

 

जिला निर्वाचन अधिकारी विजय किरन आनंद ने शुक्रवार सुबह अधिसूचना जारी की। इसके बाद नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई। मुख्यमंत्री योगी दोपहर 12:45 बजे पार्टी नेताओं के साथ कलेक्ट्रेट परिसर आए और दो सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद, संतकबीरनगर के सांसद प्रवीण निषाद व नगर विधायक डॉ राधा मोहनदास अग्रवाल भी मौजूद रहे।

विज्ञापन


 

मुख्यमंत्री अपने प्रस्तावक उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष विश्वनाथ व गृहमंत्री के साथ अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व न्यायालय में शहर विधानसभा के लिए बने (कक्ष संख्या 24) नामांकन कक्ष में दाखिल हुए। उन्होंने रिटर्निंग आफिसर (आरओ) ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर कुलदीप मीणा को नामांकन पत्र सौंपा। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद वे नामांकन कक्ष से बाहर आ गए। दो मिनट बाद वह दूसरे प्रस्तावक, चेंबर आफ इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार अग्रवाल व नगर विधायक डॉ. राधा मोहनदास अग्रवाल के साथ दोबारा नामांकन कक्ष में गए और दूसरे सेट में नामांकन दाखिल किया।

मुख्यमंत्री के पर्चा दाखिल करने के बाद, दोपहर करीब 2:30 बजे भाजपा से चौरीचौरा के उम्मीदवार सरवन निषाद ने बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी न्यायिक के न्यायालय (कक्ष संख्या तीन) में  पर्चा दाखिल किया। उनके साथ पिता व निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद और बड़े भाई संतकबीरनगर के सांसद प्रवीण निषाद मौजूद रहे। सरवन ने एक सेट में नामांकन किया।

वहीं, पहले दिन शहर विधानसभा सीट के लिए 15 पर्चे, ग्रामीण के लिए 25, कैंपियरगंज से छह, चौरीचौरा से 20, सहजनवां से तीन, चिल्लूपार से छह और पिपराइच विधानसभा सीट के लिए 21 पर्चे लिए गए। नामांकन 11 फरवरी तक जारी रहेगा। रविवार को नामांकन कार्य बंद रहेगा।

अभी दो और सेट में पर्चा दाखिल कर सकते हैं मुख्यमंत्री

भाजपा के सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री चार सेट में पर्चा दाखिल कर सकते हैं। उन्होंने पहले दिन शुक्रवार को दो सेट में पर्चा भरा। दो और सेटों में पर्चा, बाद में दाखिल कर सकते हैं। इन पर्चों में डा. मंगलेश श्रीवास्तव एवं मंकेश्वरनाथ पांडेय प्रस्तावक हैं। प्रस्तावक के जरिए ही पर्चा दाखिल करने की संभावना है।
 

...और आप प्रत्याशी से पूछ बैठे धर्मेंद्र प्रधान- कब करेंगे समर्थन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे ही अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के न्यायालय कक्ष में नामांकन करने पहुंचे ठीक उसी समय आरओ के सामने आम आदमी पार्टी (आप) के शहर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी विजय कुमार श्रीवास्तव खड़े हो गए। वह आरओ से नामांकन पत्र मांग रहे थे। आरओ ने उनसे अनुरोध करते हुए कहा कि पहले नामांकन प्राथमिकता में है, इसलिए योगी आदित्यनाथ को नामांकन कर लेने दें, फिर उन्हें नामांकन पत्र दिया जाएगा।

इसके बाद वह जैसे ही नामांकन कक्ष से बाहर निकले यूपी में भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने उनसे पूछा कि कब समर्थन कर रहे हैं। इसके बाद वहां मौजूद हर कोई मुस्कुरा पड़ा। यही नहीं, इससे पहले विजय उस समय भी चर्चा में आ गए, जब नामांकन के लिए मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट पहुंचे। अभी वे मुख्य गेट से दाखिल होते कि तेज कदमों से चलते हुए विजय कुमार श्रीवास्तव उनके आगे आ गए और विक्टरी साइन दिखाते हुए नामांकन कक्ष की तरफ बढ़ गए।

कलेक्ट्रेट के बाहर बजते रहे ढोल-नगाड़े, लगते रहे जयकारे

कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर नामांकन के लिए जब तक योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे, उतनी देर बाहर सड़क की दूसरी पटरी पर ढोल-नगाड़े बजते रहे और जयकारे लगते रहे। शास्त्री चौक से कचहरी चौराहे तक की एक लेन प्रशासन ने बंद कर रखी थी। दूसरी लेन आमजन के आने-जाने के लिए खुली रही। जैसे ही योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, यूपी के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के साथ कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार से भीतर दाखिल हुए, दूसरी लेन पर उनके समर्थक एकत्रित हो गए। पूरा रास्ता जाम हो गया। समर्थकों ने ढोल-नगाड़े बजाकर व उनके समर्थन में नारेबाजी कर अपना उत्साह व्यक्त किया।   

 
विज्ञापन

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम, जमे रहे आला अफसर

नामांकन के पहले दिन कलेक्ट्रेट के भीतर-बाहर व उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। शास्त्री चौक से कचहरी चौराहे तक एक लेन बंद कर दी गई थी। इस लेन से सिर्फ नामांकन दाखिल करने वाले, नामांकन पत्र खरीदने वाले व प्रशासन-पुलिस के अफसरों-कर्मचारियों को ही आने-जाने दिया जा रहा था। कलेक्ट्रेट के बाहर से लेकर भीतर तक, चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। सुबह से ही एडीजी अखिल कुमार, कमिश्नर रवि कुमार एनजी, जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम विजय किरन आनंद, उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम फाइनेंस राजेश कुमार सिंह, एसएसपी डॉ विपिन ताडा समेत कई आला अफसर निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था जांचते रहे। केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात अफसरों ने भी मोर्चा संभाले रखा तो एसएसपी कार्यालय की छत से पुलिसकर्मी निगरानी करते रहे।

लखपति भी नहीं हैं सरवन निषाद

गोरखपुर। चौरीचौरी विधानसभा क्षेत्र से शुक्रवार को भाजपा से नामांकन करने वाले सरवन निषाद के पास कुल 72,996 रुपये की चल संपत्ति है। उनके पास 35 हजार रुपये नकद हैं। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की हनुमान प्रसाद पोद्दार मार्ग स्थित शाखा में 37,996 रुपये जमा हैं। 31 वर्षीय सरवन के पास न तो अचल संपत्ति है न ही कोई गाड़ी। उन्होंने गौतम बुद्ध टेक्निकल विश्वविद्यालय से बीटेक की डिग्री हासिल की है। ब्यूरो

भाजपा के चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे सरवन

निषाद पार्टी व भाजपा के संयुक्त प्रत्याशी सरवन निषाद ने चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र से नामांकन कराया है। वह भले ही निषाद पार्टी के प्रत्याशी हैं, लेकिन भाजपा के चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे। लिहाजा, भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन कराया है। इसपर भाजपा व निषाद पार्टी के बीच पहले से समझौता है।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें