किसी भी शुभ कार्य करने से पहले लोग शुभ मुहूर्त की जानकारी परोहितों और ज्योतिषाचार्यों से जरूर करते हैं। यहीं वजह है कि विधानसभा चुनाव में नामांकन के लिए प्रत्याशी शुभ मुहूर्त तलाश रहे हैं।
गोरखपुर एवं बस्ती मंडल के सभी जिलों में चार फरवरी से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो रही है, जो 11 फरवरी तक चलेगी। पार्टी से टिकट पाने वाले प्रत्याशियों के साथ ही निर्दल प्रत्याशी नामांकन की तैयारी में जुट गए हैं और शुभ मुहूर्त की तलाश में पुरोहितों एवं ज्योतिषाचार्यों से जानकारी ले रहे हैं।
ज्योतिष ग्रंथ बृहद् दैवज्ञरंजन के अनुसार, चुनाव के लिए नामांकन एवं अभियान प्रारंभ के लिए शुक्ल पक्ष उत्तम माना जाता है। उसमें द्वितीया, तृतीया, पंचमी, नवमी, दशमी, द्वादशी और पूर्णिमा तिथि को पूर्ण प्रशस्त माना गया है। वार (दिन) के विषय में बताया गया है कि सोमवार, बुधवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार ये प्रशस्त दिन हैं।
नक्षत्रों में अश्विनी, रोहिणी, तीनों उत्तरा नक्षत्र, रेवती आदि को उत्तम कहा गया है। अगर यह सब नहीं मिलता हो तो अमृतसिद्धि योग, सर्वार्थसिद्धि योग, रवियोग इत्यादि बनने वाले योगों को भी नामांकन के लिए उचित कहा गया है। ज्योतिषाचार्य पंडित शरद चंद्र मिश्र ने चार फरवरी से 11 फरवरी के बीच नामांकन के लिए शुभ मुहूर्तों की जानकारी दी।