शहर की सफाई व्यवस्था बहुत अच्छी, 10 में 10 नंबर देता हूं : मुख्य सचिव
मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र शहर की सफाई व्यवस्था से गदगद दिखे। उन्होंने कहा कि दो दिन के दौरे में शहर से लेकर देहात तक के विभिन्न इलाकों में गया, कहीं गंदगी नहीं मिली। इसके लिए जिला प्रशासन और नगर निगम की प्रशंसा करते हैं। सफाई के मामले में प्रशासन और नगर निगम को 10 में 10 नंबर देते हैं।
मुख्य सचिव ने बृहस्पतिवार को कमिश्नर के सभाकक्ष में पत्रकारों से बात की और दो दिनों के दौरे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एम्स, बीआरडी मेडिकल कॉलेज, आयुष विश्वविद्यालय, चिड़ियाघर के निरीक्षण में सब कुछ सही मिला है। शासन की योजनाओं की प्रगति से संतुष्ट हैं। कुछ कमियां हैं, मगर उसे विस्तार से साझा नहीं करेंगे। जो कमियां हैं, उसे जल्द दुरुस्त कर लिया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सिर्फ एक कमी का जिक्र किया और कहा कि एम्स के बाहर दीवारों और बिजली के खंभों पर लगे पोस्टर इमारत की खूबसूरती खराब कर रहे हैं।
इंसेफेलाइटिस से मौतें 95 फीसदी कम
मुख्य सचिव ने कहा कि इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौतों में 95 प्रतिशत तक कमी आई है। बीमारी का प्रकोप 90 प्रतिशत कम हुआ है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के परिसर में स्थित रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर (आरएमआरसी) में जीनोम सिक्वेंसिंग की व्यवस्था हो गई है। इससे मरीजों की नई सहित आनुवांशिक बीमारियों का पता लगाया जा सकेगा। उन्होंने, मेडिकल कॉलेज प्रशासन की प्रशंसा की और कहा 21 साल बाद मेडिकल कॉलेज जाने का मौका मिला है। कॉलेज कैंपस से लेकर वार्ड तक में बदलाव साफ दिख रहा है। मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं मिल रही हैं। मुख्य सचिव ने चिड़ियाघर की सुविधाओं को बेहतरीन बताया है।
मेट्रो परियोजना को मिली पीईबी की मंजूरी
मुख्य सचिव ने कहा कि मेट्रो रेल परियोजना को पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड (पीईबी)से मंजूरी मिल चुकी है। मेट्रो परियोजना पूरी होने के बाद शहर नई ऊंचाइयों की ओर जाएगा। जल्द ही मेट्रो का काम धरातल पर आएगा।
गोरखनाथ मंदिर की गोशाला का प्रबंधन अच्छा
मुख्य सचिव ने कहा कि गोरखनाथ मंदिर गए। गोशाला देखी। गोरखनाथ मंदिर की गोशाला का प्रबंधन बहुत अच्छा है। अस्पताल की व्यवस्था भी काफी अच्छी है। उन्होंने कहा कि मैंने वहां जाकर काफी कुछ सीखा है। अधिकारियों के साथ मिलकर इसे पूरे प्रदेश में लागू करने को कहेंगे।