यूपी बोर्ड परीक्षा का परिणाम आज घोषित होने की संभावना है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 1,27,586 विद्यार्थियों के भाग्य का फैसला इस परिणाम से होगा। परिणाम को www.upmsp.edu.in पर ऑनलाइन देखा जा सकेगा। इसे लेकर बोर्ड कार्यालय में चल रही तैयारियां आखिरी चरण में हैं।
गोरखपुर जिले में बोर्ड परीक्षा के दौरान हाईस्कूल के 67,038 तो इंटर में 60,548 विद्यार्थी शामिल हुए हैं। परीक्षा के लिए जिले के अंदर 199 केंद्र बनाए गए थे। हाईस्कूल की परीक्षा 24 मार्च से प्रारंभ होकर 12 अप्रैल तक वहीं, इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 24 मार्च से शुरू होकर 20 अप्रैल तक चलीं। दो पालियों में परीक्षाओं का आयोजन हुआ।
तत्पश्चात, अप्रैल में कॉपियों का मूल्यांकन कार्य प्रारंभ हुआ। मई में जिले के पांच मूल्यांकन केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटर की कॉपियों का मूल्यांकन कार्य पूर्ण हुआ है। तभी से ही ये कयास लगाए जा रहे हैं कि जून के दूसरे या तीसरे सप्ताह में परिणाम घोषित हो सकता है।