- प्रधानाचार्यों को सौंपे गए प्रवेश पत्र, हस्ताक्षर और मोहर लगाने के बाद वितरित किए जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारियां अंतिम चरण में चल रही हैं। बोर्ड की तरफ से परीक्षार्थियों के प्रवेशपत्र संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रधानाचार्य प्रवेशपत्र पर अपने हस्ताक्षर व विद्यालय की मोहर लगाने के बाद ही परीक्षार्थियों को वितरित करेंगे।
बोर्ड ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि प्रवेशपत्र समय से वितरित कर दिए जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही प्रवेशपत्र में नाम, विषय, परीक्षा केंद्र, फोटो व अन्य विवरण की जांच करने के बाद ही छात्रों को दिए जाएं। किसी भी त्रुटि की स्थिति में तत्काल बोर्ड को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अमरकांत सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रवेशपत्रों का वितरण का कार्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कक्ष निरीक्षकों की कमी दूर करने की तैयारी
बोर्ड परीक्षाओं के दौरान कक्ष निरीक्षकों की कमी न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को भी कक्ष निरीक्षक नियुक्त किया जाएगा। इससे परीक्षा संचालन सुचारु रूप से कराने में मदद मिलेगी।