यूपी बोर्ड में इंटरमीडिएट के अंग्रेजी विषय की परीक्षा निरस्त होने से बुधवार को भीषण गर्मी में विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों को भी परेशान होना पड़ा। अचानक एक घंटा पूर्व परीक्षा निरस्त होने की सूचना मिलने से पहले तो विद्यार्थियों को इस पर भरोसा नहीं हुआ। मगर, केंद्र पर जब परीक्षा निरस्त होने की सूचना देखी तो निराश होकर घरों को वापस लौटे।
बलिया में अंग्रेजी के प्रश्नपत्र का लीक होना और देवरिया में कापियां लिखते हुए पकड़ा जाना निराशाजनक है। ये शिक्षा के प्रति संवेदनहीनता को दर्शाता है। प्रदेश सरकार ऐसे अपराध में लिप्त आरोपियों पर कठोर कार्रवाई करे।
ये बातें उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ.दिग्विजय नाथ पांडेय ने बुधवार को कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में कहीं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. अरविंद चौरसिया ने कहा कि अंग्रेजी का पेपर आउट होना शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिह्न है। बैठक में मंडलीय मंत्री ज्ञानेश राय, आय-व्यय निरीक्षक दुर्गेश मिश्रा, डॉ. आनंद कुमार सिंह, सुनील कुमार त्रिपाठी, शैलेंद्र पाठक, अशोक कुमार सिंह, सिद्धार्थ शंकर मिश्रा, डॉ. अरुणेश सिंह, कलीम अशरफ खान तथा शचींद्रनाथ त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
बोर्ड परीक्षा में बुधवार को प्रथम पाली के हाईस्कूल में वाणिज्य विषय में कुल 622 पंजीकृत परीक्षार्थीयों में से 574 विद्यार्थी शामिल हुए। इंटरमीडिएट के पाली, अरबी एवं फारसी विषय में 12975 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 11735 परिक्षार्थी सम्मिलित हुए।