केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण के बाद वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सौगात लेकर आए हैं। विकास को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज बना है, प्रधानमंत्री भी आएंगे।
सिद्धार्थनगर जिले में जिस धरती से भगवान बुद्ध ने पूरी दुनिया को शांति और मानवता का संदेश दिया, उसी धरती से केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने उत्तर प्रदेश में सभा की शुरुआत की और विकास व सुशासन के लिए जनता से सहयोग मांगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश एवं मोदी-योगी सरकार की खूबियां गिनाते हुए पूरे यूपी को संदेश दिया कि डबल इंजन की सरकार ज्यादा कारगर है। बीएसए ग्राउंड में बृहस्पतिवार को हुई सभा में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया को ज्ञान देने की ताकत रखने वाले उत्तर प्रदेश में अराजकता का शासन आ गया था। योगी सरकार ने प्रदेश को हर क्षेत्र में नंबर वन बनाने का कार्य किया है।
विज्ञापन
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण खतरे में पड़ी मानवता के दौर में उत्तर प्रदेश पूरी दुनिया के सामने उत्तम बनकर खड़ा हुआ है। जब तक उत्तर प्रदेश खड़ा नहीं होगा, तब तक उत्तर प्रदेश बड़ा नहीं होगा। उत्तर प्रदेश में सुशासन रहेगा, विकास होगा, तो पूरे देश का विकास होगा। देश की आजादी की लड़ाई हो या अर्थनीति, कला ,संस्कृति और विज्ञान हर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश अग्रणी रहा है। यह वीर भूमि, ज्ञान भूमि और तपो भूमि है। अमेरिका और यूरोप से तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि जनसंख्या और आकार में नहीं बल्कि बौद्धिक क्षमता में उत्तर प्रदेश सब पर भारी पड़ता है।
बोले- पीएम भी आएंगे
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण के बाद वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सौगात लेकर आए हैं। विकास को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज बना है, प्रधानमंत्री भी आएंगे। पीएम मोदी अमेरिका गए हैं, वे विश्व में सबसे लोकप्रिय जननेता के रूप में उभरे हैं। उन्होंने जिले में केंद्रीय विद्यालय खुलने का श्रेय सांसद जगदंबिका पाल को दिया।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि भारत की जनता की ताकत देखिए कि 80 करोड़ लोगों को टीका लगाया जा चुका है, उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने 18 करोड़ लोगों को टीका लगाने में सफलता प्राप्त किया है। चुनौती अभी खत्म नहीं हुई है, मास्क लगाना न भूलें, सामाजिक दूरी का पालन करें और टीका भी लगवा लें।
सरकार ने पूरे किए गरीबों के सपने : सांसद
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में पेट्रोलियम मंत्री रहे धर्मेंद्र प्रधान ने उज्जवला योजना के माध्यम से गरीब मां-बहनों का गैस चूल्हे पर भोजन पकाने का सपना पूरा किया। अब उन्होंने शिक्षा को नई दिशा देने का बीड़ा उठाया है। पहले देश में 1094 केंद्रीय विद्यालय थे, अब 1248 हो गए हैं।
दोनों मंत्रियों ने की सांसद की तारीफ
स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह ने जिले में केंद्रीय विद्यालय स्थापित होने के मामले में सांसद को धन्यवाद दिया। आकांक्षी जनपद में तेजी से विकास हो रहा है। मेडिकल कॉलेज के साथ इटवा व डुमरियागंज के अस्पतालों का नवनिर्माण होने जा रहा है। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने धर्मेंद्र प्रधान के अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सांसद जगदंबिका पाल के भगीरथ प्रयास से केंद्रीय विद्यालय बनकर तैयार हुआ है, जबकि सांसद ने भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद माधव के लिए ताली बजवाई।
विधायकों ने मांगा कोटा
विधायक चौधरी अमर सिंह ने मंच पर पहुंचते ही धर्मेंद्र प्रधान से अनुरोध किया कि केंद्रीय विद्यालय में प्रवेश के लिए विधायक का भी कुछ कोटा तय किया जाए। फिर डुमरियागंज के भाजपा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पहले तय हुआ था कि चौधरी अमर सिंह पहले बोलेंगे। उन्होंने मांग की है। यह मांग उनकी भी है कि केंद्रीय विद्यालय के प्रवेश में विधायक कोटा भी हो। विधायक को पांच-पांच सीट दी जानी चाहिए। विधायक श्यामधनी राही ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद बृजलाल, विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी, देवेंद्र प्रताप सिंह एवं संतोष कुमार यादव सनी, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा गोविंद माधव, दिलीप चतुर्वेदी, राजेंद्र पांडेय, रामजियावन मौर्य, साधना चौधरी आदि मौजूद रहे।