पुलिस विभाग में दरोगा भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस लाइंस में बने मेडिकल बोर्ड में अनफिट हुए अधिकांश अभ्यर्थी एडी हेल्थ के मेडिकल बोर्ड में फिट पाए गए हैं। इस खेल में एडी हेल्थ कार्यालय में तैनात एक लिपिक और बोर्ड में शामिल कुछ डॉक्टरों ने खेल खेला है। बताया जा रहा है कि इसके बदले अच्छी खासी रकम वसूली गई है।
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में दरोगा भर्ती परीक्षा चल रही है। अक्तूबर में अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य जांच के लिए पुलिस लाइंस में मेडिकल बोर्ड बैठाया गया था। इसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अनफिट पाए गए थे। इसमें सबसे अधिक आवेदक हड्डी रोग से जुड़े मामले थे। इसके बाद 55 अभ्यर्थियों ने पुन मेडिकल जांच के लिए आवेदन किया। इसमें 42 अभ्यर्थी हड्डी रोग की वजह से अनफिट मिले थे।
इसके बाद मेडिकल बोर्ड के सामने 56 आवेदन दूसरी बार आए। इनमें से एक अभ्यर्थी गैरहाजिर रहा। सूत्रों के मुताबिक 23 अक्तूबर को 47 आवेदकों की मेडिकल जांच हुई। इसमें से 44 फिट हो गए। इसी प्रकार तीन नवंबर को नौ आवेदकों को मेडिकल बोर्ड ने तलब किया। इनमें से आठ जांच कराने पहुंचे, जिसमें से छह फिट हो गए।